राजनीतिक दलबदल / सात सीटों पर भाजपा की गठबंधन में सीधी टक्कर 3 पर बागियों से मुकाबला, 3 पर आजसू से चुनौती

रांची . झारखंड में 30 नवंबर को होने वाले पहले चरण के चुनाव में प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हाे गई है। नामांकन वापसी के बाद 190 उम्मीदवार चुनावी दंगल में रह गए हैं। पहले फेज में 13 सीटों के लिए चुनाव होंगे। इसमें तीन सीटों पर भाजपा की टक्कर उनके बागी प्रत्याशियों से होती दिख रही है। तीन पर एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रहे आजसू पार्टी चुनाैती दे रहे हैं। वहीं, सात सीटों पर भाजपा और गठबंधन में मुकाबला होगा। 



पहले चरण में 9 सीटें पलामू प्रमंडल की हैं। यहां गढ़वा, डालटनगंज, विश्रामपुर, पांकी,  मनिका, गुमला और बिशुनपुर में भाजपा और गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।  भवनाथपुर, लातेहार और चतरा में भाजपा को बागी प्रत्याशी चुनौती दे रहे हैं। लोहरदगा, छतरपुर और हुसैनाबाद सीट पर आजसू से टक्कर होगी। भाजपा ने भवनाथपुर से अनंत प्रताप देव का टिकट काटकर नौजवान संघर्ष मोर्चा से आए भानुप्रताप शाही को उम्मीदवार बनाया। इससे नाराज होकर अनंत प्रताप निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। लातेहार में प्रकाश राम व बैद्यनाथ राम में मुकाबला है।


बैद्यनाथ भी भाजपा छोड़ झामुमो से किस्मत आजमा रहे हैं। इसी तरह चतरा सीट पर  भाजपा के जनार्दन पासवान और राजद के सत्यानंद भोक्ता आमने-सामने हैं। 2005 में सत्यानंद भोक्ता भाजपा और 2009 में जनार्दन पासवान राजद के विधायक थे।


ऐसे समझें... पहले चरण की 13 सीटों पर कहां किससे होगा मुकाबला
पहले चरण की 13 सीटों पर झाविमो समेत अन्य दलों के उम्मीदवार भी बाजी बदल सकते हैं। इनमें चार सीटों को हॉट माना जा रहा है। इन सीटों पर कड़ा मुकाबला होगा। विश्रामपुर में रामचंद्र चंद्रवंशी और चंद्रशेखर दुबे पर सबकी नजर रहेगी।